OPERATION NISCHAY | रायपुर।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। विधानसभा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 35 किलोग्राम गांजा के साथ महाराष्ट्र के दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से गांजा परिवहन में प्रयुक्त कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 24.70 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 25 जनवरी 2026 को सूचना मिली थी कि महासमुंद से रायपुर की ओर गांजा का परिवहन किया जा रहा है। आमासिवनी रिंग रोड नंबर-03 के पास नाकेबंदी के दौरान संदिग्ध कार ने पुलिस वाहन को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी में कार से 35 किलो गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी राकेश कुमार गुप्ता (52 वर्ष) और अमित सिंह (35 वर्ष), दोनों महाराष्ट्र के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

