Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

ऑपरेशन निश्चय: आरंग में रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार नशा तस्कर गिरफ्तार

आरंग। रायपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन निश्चय के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नशा तस्कर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरंग थाना क्षेत्र में घेराबंदी के दौरान पुलिस ने एक पिकअप वाहन से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडीन फॉस्फेट सिरप और गांजा बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से 75 शीशी कोडीन सिरप और करीब एक किलो गांजा जब्त किया गया है। वाहन सहित जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 6.38 लाख रुपये आंकी गई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) और 20बी के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

थाना प्रभारी हरीश साहू ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर ACCU और आरंग पुलिस की संयुक्त टीम निगरानी कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर लखौली के पुराने टोल प्लाजा के पास नाकेबंदी कर पिकअप वाहन को रोका गया, जहां तलाशी के दौरान नशीली सामग्री बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी डिलेश्वर मेहर (19) निवासी बरगढ़, उड़ीसा तथा रायपुर के भनपुरी क्षेत्र के लेखू सिन्हा, निखिल सिन्हा और योगेश ध्रुव शामिल हैं। पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन निश्चय के तहत नशे के अवैध कारोबार पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Exit mobile version