रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का दौर समाप्त हो गया है। 15 नवंबर से शुरू हुई इस प्रक्रिया के तहत राज्य में अब तक 139.85 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई, जिसमें 25 लाख 11 हजार किसानों ने समर्थन मूल्य पर अपना धान बेचा।
खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने बताया कि खरीदी सीजन के दौरान लगभग 31 लाख 31 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में धान की खेती हुई थी। उन्होंने कहा कि इस बार पिछले वर्षों की तुलना में धान खरीदी में कमी आई है, जिसका कारण फसल उत्पादन में गिरावट, कुछ क्षेत्रों में अकाल जैसी स्थिति और अन्य राज्यों से आने वाले धान पर सख्त कार्रवाई रही।
मंत्री बघेल ने बताया कि बाहरी धान की आवक रोकने के लिए इस बार एआई आधारित निगरानी, सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस सिस्टम और सड़कों पर लगे कैमरों के माध्यम से कड़ी निगरानी की गई। सख्ती के चलते दूसरे राज्यों से आने वाला धान खरीदी केंद्रों तक नहीं पहुंच सका।
खाद्य मंत्री ने कहा कि सरकार ने किसानों के हित में हर किसान का एक-एक दाना धान खरीदा है और किसी को भी परेशानी नहीं होने दी गई। उन्होंने बताया कि अंतिम निर्णय के लिए मुख्यमंत्री से चर्चा की जाएगी और आगे का फैसला मुख्यमंत्री द्वारा लिया जाएगा।