दुर्ग। भिलाई में सोमवार को हनुमंत कथा के समापन से पहले कथावाचक पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कार का हल्का हादसा हो गया। होटल एम्पीरियर से कथा स्थल जाते समय अचानक एक भक्त कार के सामने आ गया, जिससे ब्रेक लगाने पर पीछे चल रही गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसे में एक कार का शीशा टूट गया।
कार में पंडित धीरेंद्र शास्त्री के साथ पूर्व राज्यसभा सांसद सरोज पांडेय सवार थीं, जबकि वाहन रायपुर के समाजसेवी बसंत अग्रवाल चला रहे थे। घटना के दौरान भक्त ने शास्त्री से विवाह के लिए अर्जी लगाने की विनती की, जिस पर उन्होंने हंसते हुए जवाब दिया कि जब उनकी और उनके गुरु हनुमान जी की शादी नहीं हुई, तो वे किसी की शादी की अर्जी कैसे लगा सकते हैं। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने बाद में मंच से पूरी घटना भक्तों को बताई।

