रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मीडिया सलाहकार पंकज कुमार झा ने सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति *21* से शुरू होकर # पर समाप्त होने वाले किसी नंबर पर कॉल करने के लिए कहे, तो ऐसा बिल्कुल न करें।
पंकज झा ने बताया कि उनके पास एक कॉल आया, जिसमें कॉलर ने पार्सल डिलीवरी का बहाना बनाकर एक विशेष नंबर पर फोन करने को कहा। नंबर देखने पर उन्हें उसके आगे *21* और अंत में # दिखाई दिया, जिसके बाद उन्हें साइबर फ्रॉड की आशंका हुई।
उन्होंने बताया कि ऐसे नंबर डायल करने पर मोबाइल की कॉल फॉरवर्डिंग सक्रिय हो सकती है, जिससे कॉल, मैसेज और ओटीपी दूसरे नंबर पर पहुंच सकते हैं। इससे बैंकिंग समेत अन्य संवेदनशील जानकारी का दुरुपयोग होने का खतरा रहता है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध नंबर पर कॉल न करने की अपील की।

