रायपुर। नगर निगम ने शहर के बड़े शॉपिंग कॉम्पलेक्स में पार्किंग की अव्यवस्था को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। निगम प्रशासन ने जुर्माने के साथ ही कॉम्पलेक्स मालिकों और संचालकों को पार्किंग व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम दिया है।
इसी कड़ी में चौबे कॉलोनी स्थित डॉक्टर जाऊलकर की बिल्डिंग में स्प्राउट हाउस कैफे को पार्किंग क्षेत्र में संचालित किए जाने पर जोन कमिश्नरी ने सख्त रुख अपनाते हुए एक दिन का अल्टीमेटम देकर पार्किंग बहाल करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, समता कॉलोनी मुख्य मार्ग पर पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण बीकानेर स्वीट्स, गोली फास्ट फूड, अपना मार्ट, जूसी फैक्ट्री और पोहे वाला सहित पांच दुकानों को सील कर दिया गया है।
नगर निगम का यह अभियान फिलहाल शहर के चारों विधानसभा क्षेत्रों में केवल पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय रूप से चल रहा है। विधायक राजेश मूणत की फटकार के बाद जोन 7 कमिश्नरी ने समता-चौबे कॉलोनी मेन रोड पर सघन अभियान तेज कर दिया है।
इसके अलावा, सुलभ दुग्ध भंडार को पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने का अल्टीमेटम दिया गया है और रोड की दूसरी ओर स्थित दुकानों को भी नोटिस जारी किया गया है।
सफाई अभियान के तहत कटोरा तालाब में स्थित पोहा पॉइंट पर गंदगी फैलाने के आरोप में 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है और संचालक को सख्त चेतावनी दी गई है। नगर निगम ने स्पष्ट कर दिया है कि सार्वजनिक स्थलों की व्यवस्था में लापरवाही करने वालों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।