रायपुर। गर्मी की छुट्टियों में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए पटना और चर्लपल्ली के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में 15-15 फेरे लगाएगी, जिससे यात्रियों को कंफर्म सीट मिलने में राहत मिलेगी।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 03253 पटना-चर्लपल्ली स्पेशल 8 अप्रैल से 27 मई 2026 तक हर सोमवार और बुधवार को दोपहर 3 बजे पटना से रवाना होगी। यह ट्रेन बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग और गोंदिया होते हुए चर्लपल्ली पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 03254 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल 15 अप्रैल से हर बुधवार रात 11 बजे चलेगी, जबकि 03255 ट्रेन 10 अप्रैल से हर शुक्रवार रात 9 बजे चर्लपल्ली से रवाना होगी।
इन ट्रेनों का ठहराव रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, गोंदिया और नागपुर समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर होगा, जिससे छत्तीसगढ़ के यात्रियों को भी सीधा फायदा मिलेगा।

