PDS चावल घोटाला : जनपद उपाध्यक्ष की पत्नी सहित 5 पर FIR

बलरामपुर। वाड्रफनगर जनपद में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत मिलने वाले चावल में गड़बड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। जनपद उपाध्यक्ष पवन जायसवाल की पत्नी और ग्राम पंचायत बेबदी की सचिव सीमा जायसवाल सहित पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

ग्रामीणों से अंगूठा लगवाकर चावल हड़पने का आरोप

सूत्रों के अनुसार, पंचायत सचिव सीमा जायसवाल पर आरोप है कि उन्होंने हितग्राहियों से अंगूठा लगवाकर उनके नाम का चावल खुद रख लिया। इस गबन में पूर्व सरपंच जगमति, उसके पति जीतलाल, सहायक विक्रेता संतोष पण्डो, और तौलकर्ता कन्हैया लाल भी शामिल बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों की शिकायत के बाद सरगुजा कमिश्नर के निर्देश पर खाद्य विभाग ने जांच की, जिसमें घोटाले की पुष्टि हुई।

कमिश्नर के निर्देश पर दर्ज हुई एफआईआर

सरगुजा संभाग के कमिश्नर ने इस गंभीर मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। इसके बाद रघुनाथनगर थाना में सीमा जायसवाल सहित पांच लोगों के खिलाफ IPC की विभिन्न धाराओं और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ग्रामीणों में भारी आक्रोश

जानकारी के अनुसार, सीमा जायसवाल पूर्व में भी गबन के एक मामले में जेल जा चुकी हैं, फिर भी वे सचिव पद पर बनी रहीं। अब नए खुलासे के बाद ग्राम पंचायत बेबदी और आसपास के ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि “वर्षों से जरूरतमंदों का हक मारा जा रहा था, और अब जाकर सच्चाई उजागर हुई है।”

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस अनुविभागीय अधिकारी राम अवतार ध्रुव ने बताया कि शिकायत के आधार पर पांच आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया है और फरार आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।

You May Also Like

More From Author