पिथौरा। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी प्रक्रिया के बीच महासमुंद कलेक्टर विनय लंगेह ने प्राथमिक कृषि एवं साख सहकारी समिति घोंच (विकासखंड पिथौरा) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान समिति में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
जांच में पुराने रबी फसल के धान को खपाने, गुणवत्ताहीन धान की खरीदी और तौल में गड़बड़ी किए जाने के तथ्य पाए गए। कलेक्टर ने इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए समिति प्रबंधक को तत्काल निलंबित करने और संबंधित मामले में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर विनय लंगेह ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही, भ्रष्टाचार या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम पिथौरा बजरंग वर्मा, खाद्य अधिकारी अजय यादव और जिला विपणन अधिकारी आशुतोष कोसरिया उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने अधिकारियों को धान खरीदी केंद्रों पर निरंतर निगरानी रखने और शासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

