बिलासपुर। गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा आयोजित पाँच दिवसीय राष्ट्रीय हैंड्स-ऑन कार्यशाला “प्लांट टिश्यू कल्चर एंटरप्रेन्योरशिप” का भव्य समापन हुआ। इस कार्यशाला ने युवाओं को बायोटेक्नोलॉजी क्षेत्र में नवाचार और उद्यमिता की दिशा में नई प्रेरणा दी।
समापन कार्यक्रम में प्रो. अमित कुमार सक्सेना, प्रो. रेनू भट्ट और प्रो. एल.एस. वर्मा सहित कई प्रमुख अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। अतिथियों का स्वागत टिश्यू कल्चर केले के पौधों से किया गया, जो सतत विकास का संदेश देता है।
कार्यशाला समन्वयक डॉ. आशीष कुमार ने रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए प्रायोगिक प्रशिक्षण और उद्यमिता के समन्वय पर जोर दिया। रजिस्ट्रार प्रो. अश्विनी कुमार दीक्षित ने इसे कौशल-आधारित शिक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
मुख्य अतिथि प्रो. एल.एस. वर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं कार्यवाहक कुलपति प्रो. अमित कुमार सक्सेना ने प्लांट टिश्यू कल्चर में स्टार्टअप की अपार संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों का सम्मान किया गया और विभागाध्यक्ष प्रो. हरित झा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

