बेमेतरा। प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर ग्रामीणों से कथित तौर पर पैसे मांगने का मामला सामने आया है। नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत मगरघटा के ग्रामीणों ने कलेक्टोरेट पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और मामले की जांच की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि आवास योजना में नाम आने के बाद हितग्राहियों से 10 से 15 हजार रुपये तक की राशि मांगी जा रही है। पैसे नहीं देने पर परेशान किए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है। एक हितग्राही की ओर से उपसरपंच के खाते में 6 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए जाने और दोबारा 6 हजार रुपये मांगने का आरोप लगाया गया है।
ग्रामीणों ने योजना के नाम पर हो रही कथित वसूली की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। मामले में बेमेतरा कलेक्टर ने कहा है कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

