डीजीपी-आईजीपी कॉन्फ्रेंस: पीएम मोदी और अमित शाह की मौजूदगी में राष्ट्रीय सुरक्षा पर गहन मंथन

रायपुर। 60वें अखिल भारतीय डीजीपी-आईजीपी कॉन्फ्रेंस के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की मौजूदगी में बैठक जारी है। आज चार सत्रों में राष्ट्रीय सुरक्षा, उभरती चुनौतियों, महिला सुरक्षा में तकनीक के उपयोग, जन-आंदोलन प्रबंधन, भगोड़ों की वापसी के रोडमैप और फॉरेंसिक के व्यापक उपयोग पर चर्चा होगी।

बैठक की थीम ‘विकसित भारत, सुरक्षित भारत’ रखी गई है। छत्तीसगढ़ डीजीपी अरुण देव गौतम ‘बस्तर 2.0’ पर प्रेजेंटेशन देंगे और 2026 के बाद नक्सल-मुक्त बस्तर के विकास मॉडल पर चर्चा करेंगे।

सुबह 8:15 बजे पीएम मोदी आईआईएम पहुंचे और रात 8 बजे तक बैठकें चलेंगी। उनके ठहरने के लिए स्पीकर हाउस और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के लिए नए सर्किट हाउस और संस्थानों में आवास व्यवस्था की गई है।

सम्मेलन में 33 राज्यों के डीजीपी और देशभर की सुरक्षा एजेंसियों के कुल 75 शीर्ष अधिकारी शामिल हैं। सुरक्षा और संचालन की जिम्मेदारी एडीजी दीपांशु काबरा और आईजी अमरेश मिश्रा के पास है।

यह कॉन्फ्रेंस राष्ट्रीय सुरक्षा, पुलिस सुधार और कानून-व्यवस्था के महत्वपूर्ण मुद्दों पर वरिष्ठ अधिकारियों और प्रधानमंत्री के बीच खुली और सार्थक चर्चा का मंच है।

You May Also Like

More From Author