Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

एनडीए की जीत पर प्रधानमंत्री मोदी ने डॉ. कुलदीप सोलंकी को भेजा आभार पत्र

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में संपन्न पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को मिली सफलता पर शुभकामनाएं और बधाई देने के लिए छत्तीसगढ़ सिविल सोसायटी के संयोजक डॉ. कुलदीप सोलंकी का आभार व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने उन्हें भेजे एक पत्र में कहा कि देशवासियों का स्नेह, विश्वास और समर्थन ही राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूती प्रदान करता है।

प्रधानमंत्री ने पत्र में चुनावी नतीजों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिन राज्यों में एनडीए की सरकारें थीं, वहां जनता ने विकास और सुशासन पर भरोसा जताते हुए दोबारा समर्थन दिया, जबकि जहां एनडीए सत्ता में नहीं था, वहां भी बदलाव की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। उन्होंने असम में लगातार तीसरी बार मिली जीत और पुडुचेरी में विकास के एजेंडे को मिले जनसमर्थन का विशेष उल्लेख किया।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में एनडीए को मिले व्यापक समर्थन को राज्य में विकास की नई संभावनाओं का संकेत बताया। वहीं केरल और तमिलनाडु का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहते हुए भी जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का कार्य जारी रहेगा।

पत्र में प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं की रिकॉर्ड भागीदारी और मतदान को लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक बताते हुए नारीशक्ति की बढ़ती जागरूकता की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों के कल्याण, युवाओं के सशक्तिकरण, महिलाओं के सम्मान और किसानों की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

अपने संदेश के अंत में प्रधानमंत्री ने डॉ. कुलदीप सोलंकी के उत्तम स्वास्थ्य, सुखद जीवन और दीर्घायु की कामना करते हुए उनके स्नेह और समर्थन के लिए धन्यवाद व्यक्त किया।

Exit mobile version