यूके वीजा के नाम पर ठगी, रायपुर में गौरव गार्डन के मैनेजर पर FIR, पासपोर्ट लेकर फरार

रायपुर। राजधानी रायपुर के गौरव गार्डन में काम करने वाले छह कर्मचारियों से लंदन का वीजा दिलाने के नाम पर 19.29 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपित सेफ मैनेजर विवेक सिंह ठाकुर ने न केवल लाखों रुपये लिए बल्कि सभी के पासपोर्ट और जरूरी दस्तावेज भी हड़प लिए और अब फरार हो गया है। मामला तेलीबंधा थाने में दर्ज किया गया है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।

विदेश नौकरी का झांसा देकर की ठगी

शिकायतकर्ता समीर भिलवार, जो वर्तमान में बड़ोदरा स्थित होटल तारासंस में कार्यरत हैं, ने बताया कि मई 2023 में विवेक सिंह ठाकुर ने उन्हें और उनके पांच साथियों — छतलाल देवांगन, मनोज नाहक, सुमीत मूसान, अंकित रतोडी, और मनीषा एम संगमा — को यूके में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके एवज में प्रति व्यक्ति 3.5 लाख रुपये की मांग की गई।

सभी पीड़ितों ने मिलकर विवेक को करीब 14.68 लाख रुपये ऑनलाइन और बैंक खाते में ट्रांसफर किए, इसके अलावा कुछ नकद रकम भी दी। सभी से पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक पासबुक की फोटोकॉपी भी ली गई।

न वीजा मिला, न पैसे वापस

विवेक ने न तो वीजा दिलवाया और न ही पैसे लौटाए। शिकायत के अनुसार, वह सभी का पासपोर्ट अपने पास रखकर अचानक लापता हो गया। जब संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उसका मोबाइल बंद मिला और वह गौरव गार्डन से भी नदारद था।

FIR दर्ज, दस्तावेजों के दुरुपयोग की आशंका

तेलीबंधा पुलिस ने आरोपी विवेक सिंह ठाकुर के खिलाफ IPC की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस को संदेह है कि आरोपी गायब किए गए दस्तावेजों का दुरुपयोग कर सकता है। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और दस्तावेजों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरत रही है।

You May Also Like

More From Author