बिलासपुर। रेलवे कमर्शियल इंस्पेक्टर और राष्ट्रीय स्तर की बास्केटबॉल खिलाड़ी विनीता साहनी की आत्महत्या मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने पति ओब्रे हेल को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी का एक अन्य महिला से अवैध संबंध था और वह पत्नी के साथ नियमित रूप से मारपीट करता था।
यह मामला बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र का है। विनीता, मूलतः उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की रहने वाली थीं और स्पोर्ट्स कोटे से रेलवे में नौकरी मिली थी। वह एनई कॉलोनी में रहती थीं और रेलवे बिलासपुर मंडल में कमर्शियल इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत थीं।
6 अप्रैल को की थी आत्महत्या
6 अप्रैल 2024 को विनीता ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उस वक्त उनका पति घर पर नहीं था और 8 साल की बेटी दूसरे कमरे में खेल रही थी।
जांच में हुआ चौंकाने वाला खुलासा
तोरवा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की थी। शुरुआत में आरोपी पति ने खुद को निर्दोष बताने के लिए विभागीय अधिकारियों पर ट्रांसफर और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया था। लेकिन विनीता के माता-पिता और बहन ने पुलिस को बताया कि पति बेरोजगार और अय्याश था, जो विनीता से पैसे लेकर व्यक्तिगत ऐशो-आराम में खर्च करता था।
शारीरिक प्रताड़ना और जिम खोलने के बाद भी लापरवाही
पुलिस को जांच में यह भी पता चला कि पति की मारपीट से विनीता के कंधे और कोहनी में चोट लगी थी। विनीता ने अपने पति के लिए जिम खोलने में भी मदद की थी, लेकिन आरोपी ने जिम पर भी ध्यान नहीं दिया और एक अन्य महिला से संबंधों में उलझा रहा।
आरोपी ने पुलिस पूछताछ में कबूला जुर्म
पूछताछ में ओब्रे हेल ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने यह भी कबूल किया कि उसकी लापरवाहियों और रिश्ते की दरार ही विनीता के आत्महत्या की वजह बनी। फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और कानूनी कार्रवाई जारी है।





