Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

मनरेगा को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासी घमासान, डिप्टी सीएम विजय शर्मा का कांग्रेस पर पलटवार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मनरेगा (महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम) को लेकर राजनीति तेज हो गई है। एक ओर कांग्रेस ने इस मुद्दे पर विधानसभा का घेराव किया, तो वहीं दूसरी ओर राज्य के गृह मंत्री एवं डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कांग्रेस पर कड़ा हमला बोला है।

विजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस केवल महात्मा गांधी के नाम पर राजनीति करती है और उसी नाम के सहारे एक परिवार ने लंबे समय तक शासन किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी गांधी के विचारों और उनके आदर्शों पर चल रही है, इसी सोच के तहत VB-G RAM G योजना लाई गई है। यह योजना किसी पुराने कानून को खत्म करने के लिए नहीं, बल्कि उसे और सशक्त बनाने के उद्देश्य से लाई गई है।

उन्होंने कांग्रेस से सवाल करते हुए कहा कि मनरेगा और VB-G RAM G में वास्तविक अंतर क्या है? मनरेगा में दो प्रमुख प्रावधान—रोजगार और अधोसंरचना निर्माण शामिल थे, जबकि VB-G RAM G में तीसरा महत्वपूर्ण पहलू ‘आजीविका’ भी जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि आज के समय में आजीविका पर ध्यान देना देश की आवश्यकता है और इसी दिशा में यह पहल की गई है।

वहीं, कांग्रेस ने विधानसभा में मनरेगा को लेकर स्थगन प्रस्ताव पेश किया था, जिसे स्वीकार नहीं किया गया। इसके विरोध में कांग्रेस विधायकों और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस का आरोप है कि राज्य में मनरेगा के तहत मजदूरों को समय पर भुगतान नहीं मिल रहा है और रोजगार के अवसर भी कम हो रहे हैं।

Exit mobile version