छत्तीसगढ़ की प्रांजु सोमानी ने नेशनल शूटिंग में 25 साल बाद दिलाए 4 पदक

रायपुर। छत्तीसगढ़ की बेटी प्रांजु सोमानी ने शूटिंग के क्षेत्र में नया इतिहास रचते हुए राज्य को 25 वर्षों बाद नेशनल स्तर पर चार पदक दिलाए हैं। भोपाल में आयोजित 68वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में प्रांजु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 632.5 का स्कोर हासिल किया और कुल चार मेडल अपने नाम किए।

प्रांजु सोमानी ने 10 मीटर एयर राइफल सीनियर कैटेगरी में कांस्य पदक, सब-यूथ वर्ग में रजत पदक, जबकि 10 मीटर एयर राइफल सिविलियन सीनियर और जूनियर कैटेगरी में दो स्वर्ण पदक जीते। इसके साथ ही उन्होंने सिविलियन कैटेगरी में 632.5 का स्कोर कर नेशनल रिकॉर्ड भी बनाया। वे छत्तीसगढ़ की पहली खिलाड़ी बन गई हैं जिन्होंने शूटिंग नेशनल में राज्य के लिए पदक जीते हैं।

गौरतलब है कि बीते 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ को नेशनल शूटिंग प्रतियोगिताओं में कोई पदक नहीं मिला था। प्रांजु वर्तमान में सुभाष स्टेडियम स्थित अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और कोच गोपाल दुबे को दिया है।

You May Also Like

More From Author