रायपुर।बस्तर पंडुम संभाग स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह फरवरी माह में छत्तीसगढ़ के दौरे पर आएंगे। 7 फरवरी को बस्तर पंडुम के संभाग स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी, जबकि 8 फरवरी को समापन कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी रहेगी।
राष्ट्रपति मुर्मू के बस्तर प्रवास को लेकर मुख्य सचिव विकास शील ने मंगलवार को राज्य मंत्रालय महानदी भवन में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा, चिकित्सा, आवागमन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बस्तर कलेक्टर से भी वहां की तैयारियों की जानकारी ली।
बैठक में जनसंपर्क सचिव डॉ. रोहित यादव, सामान्य प्रशासन विभाग सचिव अविनाश चंपावत, गृह सचिव नेहा चंपावत, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, पीडब्ल्यूडी सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौराकेंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 फरवरी की रात रायपुर पहुंचेंगे। 8 फरवरी को रायपुर में वे नक्सलवाद पर समीक्षा बैठक करेंगे, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव और गृहमंत्री विजय शर्मा शामिल होंगे। बैठक में नक्सल मोर्चे पर अब तक की कार्रवाई और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद अमित शाह बस्तर रवाना होंगे और पंडुम महोत्सव के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

