President Murmu CG Visit | रायपुर.राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आगामी 7 फरवरी को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में आयोजित होने वाले बस्तर पंडुम संभाग स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगी। राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
राष्ट्रपति के बस्तर प्रवास को ध्यान में रखते हुए मुख्य सचिव विकास शील ने मंगलवार को राज्य मंत्रालय महानदी भवन में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
मुख्य सचिव ने राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सुरक्षा, चिकित्सा, आवागमन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बस्तर कलेक्टर से जिले में की जा रही तैयारियों की विस्तृत जानकारी भी ली।
बैठक में जनसंपर्क सचिव डॉ. रोहित यादव, सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) सचिव अविनाश चंपावत, गृह सचिव नेहा चंपावत, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, लोक निर्माण विभाग (PWD) सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।