रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण-2024 में एक बार फिर छत्तीसगढ़ ने देशभर में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्य के सात नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। यह पुरस्कार आगामी 17 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा प्रदान किए जाएंगे।
इस खास मौके पर केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहेंगे। छत्तीसगढ़ सरकार और स्थानीय निकायों की लगातार कोशिशों का यह परिणाम है कि प्रदेश के शहर अब देशभर में स्वच्छता के प्रतीक बनते जा रहे हैं।
तीन शहरों को मिलेगा प्रेसिडेंट्स अवार्ड
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों को प्रेसिडेंट्स अवार्ड से नवाजेंगी। इनमें शामिल हैं—
- बिलासपुर नगर निगम – तीन लाख से दस लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी (Big Cities)
- कुम्हारी नगर पालिका – 20 हजार से 50 हजार आबादी वाले शहरों की श्रेणी (Small Cities)
- बिल्हा नगर पंचायत – 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी (Very Small Cities)
इन निकायों को स्वच्छता के मानकों पर शानदार प्रदर्शन के लिए सर्वोच्च सम्मान दिया जाएगा।
रायपुर को मिलेगा मिनिस्ट्रियल अवार्ड
रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में राज्यस्तरीय उत्कृष्ट कार्यों के लिए केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा मिनिस्ट्रियल अवार्ड प्रदान किया जाएगा। राजधानी रायपुर ने बीते वर्षों में स्वच्छता रैंकिंग में निरंतर सुधार कर अपनी पहचान राष्ट्रीय स्तर पर बनाई है।
सुपर स्वच्छता लीग में भी छत्तीसगढ़ का जलवा
इस साल स्वच्छता सर्वेक्षण में एक नई श्रेणी सुपर स्वच्छता लीग (SSL) की शुरुआत की गई है। इस लीग में वे शहर शामिल हैं, जो पिछले तीन वर्षों में एक बार शीर्ष 3 में आ चुके हैं और इस वर्ष अपनी श्रेणी में टॉप-200 में स्थान बनाए हुए हैं।
छत्तीसगढ़ के जिन शहरों को SSL में शामिल किया गया है—
- अंबिकापुर नगर निगम (50 हजार से 3 लाख आबादी वाले शहर)
- पाटन नगर पंचायत
- बिश्रामपुर नगर पंचायत (20 हजार से कम आबादी वाले शहर)
इन शहरों ने पहले भी राष्ट्रीय मंचों पर स्वच्छता में बेहतर प्रदर्शन किया है और अब इस नई श्रेणी में भी अपनी जगह बनाई है।
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित सभी सात नगरीय निकायों को बधाई दी है। उन्होंने इसे नगरीय प्रशासन और स्थानीय निकायों की मेहनत और जनता की सहभागिता का परिणाम बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा,
“यह पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। बिलासपुर, कुम्हारी, बिल्हा, रायपुर, अंबिकापुर, पाटन और बिश्रामपुर ने जो उदाहरण प्रस्तुत किया है, वह दूसरे निकायों के लिए प्रेरणा बनेगा।”
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में और भी कई शहर छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होंगे।

