महासमुंद। शासकीय कर्मचारियों के वेतन भुगतान में अनियमितता और सरकारी राशि को नुकसान पहुंचाने के मामले में लोक शिक्षण संचालनालय ने बड़ी कार्रवाई की है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिरपुर से जुड़े प्रकरण में प्रभारी प्राचार्य उमा ठाकुर समेत तीन कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबित कर्मचारियों में प्रभारी प्राचार्य उमा ठाकुर के अलावा सहायक ग्रेड-2 नारायण प्रसाद निर्मलकर और अकील मोहम्मद खान शामिल हैं।
आदेश के अनुसार, नारायण प्रसाद निर्मलकर पर जुलाई 2024 के वेतन-भत्तों में कथित रूप से अधिक राशि दर्शाकर वेतन देयक के जरिए कोषालय से भुगतान कराने का आरोप है। इसके अलावा मई 2025 से जनवरी 2026 के बीच नियमित वेतन देयकों में मूल वेतन और भत्तों की राशि बढ़ाकर ऑनलाइन बिल तैयार करने तथा ई-बिल के माध्यम से भुगतान कराने की बात सामने आई है।
मामले को सरकारी नियमों की अनदेखी और मिलीभगत के जरिए शासकीय धन को नुकसान पहुंचाने से जुड़ा बताया गया है। इसी प्रकरण में प्रभारी प्राचार्य उमा ठाकुर और सहायक ग्रेड-2 अकील मोहम्मद खान पर भी कार्रवाई की गई है।
तीनों के खिलाफ विभागीय स्तर पर कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि के दौरान नियमों के अनुसार संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

