छत्तीसगढ़: धरसींवा के दाऊ पोषणलाल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को शर्मनाक घटना सामने आई। विद्यालय के प्राचार्य संजय शर्मा शराब के नशे में स्कूल पहुंचे और अभद्र व्यवहार करने लगे। इससे गुस्साए शिक्षकों और छात्रों ने प्राचार्य के खिलाफ हंगामा कर दिया और शिकायत जिला प्रशासन तक पहुंचा दी।
जानकारी के अनुसार, प्राचार्य शर्मा अक्सर शराब पीकर स्कूल आते थे और शिक्षकों-छात्रों के साथ दुर्व्यवहार करते थे। शुक्रवार को भी वह इसी हालत में स्कूल पहुंचे, जिससे सभी आक्रोशित हो गए। शिक्षकों और छात्रों ने प्राचार्य शर्मा के खिलाफ शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ), क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा और जिला कलेक्टर गौरव सिंह तक पहुंचा दी।
शिकायत मिलने के बाद डीईओ संजय पुरी गोस्वामी और तहसीलदार जयेन्द्र सिंह तुरंत स्कूल पहुंचे। उन्होंने शिक्षकों और छात्रों से बातचीत की और पूरी स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद प्राचार्य शर्मा को चिकित्सा परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा गया। परीक्षण में उनके शराब पीने की पुष्टि हुई।
पुष्टि होने के बाद तहसीलदार सिंह ने प्राचार्य शर्मा के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की और उन्हें जेल भेज दिया।

