पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार सख्त, छत्तीसगढ़ में पाक नागरिकों को 48 घंटे में देश छोड़ने का आदेश

रायपुर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा रुख अपना लिया है। सरकार ने देश में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे के भीतर भारत छोड़ने का निर्देश दिया है। इस आदेश के बाद रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में पाक नागरिकों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, रायपुर समेत प्रदेशभर में हजारों पाकिस्तानी नागरिक रह रहे हैं, जिनमें अधिकांश हिंदू समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। भारत छोड़ने का निर्देश मिलने के बाद वे असमंजस और चिंता में हैं। वहीं, प्रशासन ने सख्त निर्देशों का पालन करते हुए सभी को देश छोड़ने के निर्देश देना शुरू कर दिया है।

सूत्रों के अनुसार, कई पाकिस्तानी नागरिकों ने रायपुर समेत विभिन्न जिलों में संपत्ति खरीदकर स्थायी रूप से बसने का प्रयास किया था। इनकी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है। हाल ही में सामाजिक कार्यों के उद्देश्य से रायपुर आईं तीन मुस्लिम महिलाएं समेत चार पाक नागरिक वापस पाकिस्तान लौट चुके हैं। हालांकि, सुरक्षा कारणों से उनके नामों का खुलासा नहीं किया गया है।

रायपुर के आर. सद्दू, विधानसभा, महावीर नगर, बोरियाकला और माना रोड जैसे इलाकों में पाक नागरिकों ने घर और जमीन खरीद ली थी। इनमें से कई ने भारतीय नागरिकता के लिए आवेदन कर रखा है, जबकि कुछ अब भी वीजा के आधार पर रह रहे हैं। पुलिस और विशेष शाखा द्वारा इनका नियमित वेरिफिकेशन किया जा रहा है।

ज्यादातर पाक नागरिक बिजनेस वीजा पर भारत में रह रहे हैं और कई ने अपने वीजा का नवीनीकरण भी करा लिया है। रायपुर में बसे पाकिस्तानी नागरिकों का अधिकांश हिस्सा पाकिस्तान के सिंध प्रांत से आया है।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद केंद्र सरकार द्वारा लिए गए सख्त फैसलों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को निर्देश दिए हैं कि तय समय सीमा के भीतर सभी पाकिस्तानी नागरिकों को वापस भेजा जाए। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र के निर्देशों का पालन कर रही है और सभी पाक नागरिकों को समय रहते देश से बाहर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

You May Also Like

More From Author