Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

रायपुर में कुख्यात तोमर बंधुओं पर बड़ी कार्रवाई: 3,000 स्क्वायर फीट संपत्ति कुर्क, कोर्ट में गुरुवार को सुनवाई

रायपुर। राजधानी में फरार चल रहे कुख्यात तोमर बंधु वीरेंद्र तोमर और रोहित तोमर पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को सेशन कोर्ट से अग्रिम जमानत खारिज होने और संपत्ति कुर्क करने की मंजूरी मिलने के बाद गुरुवार को प्रशासनिक टीम ने उनकी संपत्तियों को जब्त करना शुरू कर दिया।

3,000 स्क्वायर फीट संपत्ति कुर्क

SDM नंद कुमार चौबे, तहसीलदार और पुलिस की टीम ने भाठागांव स्थित साईं विला मकान और जमीन को कुर्क किया। यह कुल 3,000 स्क्वायर फीट संपत्ति है, जिसमें दोनों भाइयों की हिस्सेदारी 1,500-1,500 स्क्वायर फीट है। इसके अलावा राजधानी के आसपास स्थित उनकी तीन और जमीनों की कुर्की की कागजी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

दो महीने से फरार, इनाम घोषित

लगातार दो महीने से फरार तोमर बंधुओं की गिरफ्तारी पर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह पहले ही 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित कर चुके हैं। पुलिस ने उनकी संपत्तियां कुर्क करने की मांग कोर्ट से की थी, जिसे बुधवार को अदालत ने मंजूरी दे दी।

बचाव पक्ष की आपत्ति

तोमर बंधुओं के वकील ने कुर्की आदेश पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि उन्होंने 18 अगस्त को आवेदन दायर किया था और 20 अगस्त को सुनवाई तय थी, लेकिन उससे पहले ही बिना पक्ष सुने कुर्की आदेश जारी कर दिया गया। इसे अन्यायपूर्ण बताते हुए अब गुरुवार को कोर्ट में सुनवाई होगी।

Exit mobile version