गर्मी के बढ़ते तापमान के साथ छत्तीसगढ़ में बिजली गुल की समस्या भी विकराल रूप ले रही है। प्रदेश के कई इलाकों में रोजाना एक-दो घंटे बिजली गुल हो रही है, वहीं राज्य की ऊर्जाधानी कोरबा में हालात और भी खराब हैं।
कोरबा में 36-36 घंटे तक बिजली गुल रहने से लोग त्रस्त हैं। रविवार सुबह से वार्ड 5 धनवार पारा में बिजली गुल होने से परेशान लोगों ने रात में पार्षद के साथ मिलकर तुलसी नगर जोन कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया।
बता दें कि इसी वार्ड में भाजपा के वरिष्ठ आदिवासी नेता और प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री ननकी राम कंवर और पूर्व महापौर जोगेश लांबा का भी निवास है।
इसी तरह, तखतपुर में भी सैकड़ों ग्रामीणों ने बिजली की समस्या को लेकर बिजली ऑफिस का घेराव किया। लगातार बिजली गुल होने से परेशान ग्रामीणों ने बिजली कार्यालय में जमकर भड़ास निकाली।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बिजली गुल रहने से पीने के पानी सहित निस्तारी में भी समस्या आ रही है।
बिजली विभाग का कहना है कि कोयले की कमी और गर्मी के कारण बिजली आपूर्ति में व्यवधान आ रहा है। विभाग का दावा है कि वह जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करने की कोशिश कर रहा है।
लेकिन, लोगों का कहना है कि विभाग द्वारा दिए गए आश्वासन पहले भी कई बार दिए गए हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। गर्मी के इस सीजन में बिजली गुल होना लोगों के लिए एक बड़ी समस्या बन गया है।