रायपुर। विधायक पुरंदर मिश्रा ने रामनवमी के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सभी को श्रद्धा के साथ रामनवमी मनानी चाहिए। खासतौर पर कांग्रेस को इस दिन पूजा करनी चाहिए, क्योंकि पार्टी लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम को काल्पनिक मानने की बजाय उनके आदर्शों को अपनाना चाहिए और भगवान से सद्बुद्धि की प्रार्थना करनी चाहिए, ताकि कांग्रेस एक मजबूत विपक्ष के रूप में बनी रह सके।
पंचायत स्तर पर कमेटियों के गठन को लेकर उन्होंने कांग्रेस पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर है। अब तक प्रदेश, ब्लॉक और मंडल स्तर पर संगठन मजबूत नहीं कर पाई है, ऐसे में पंचायत स्तर पर कमेटी बनाना उसके लिए मुश्किल है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस का जनाधार लगातार घट रहा है।
वहीं छत्तीसगढ़ की जेलों में 285 कैदियों की मौत के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) द्वारा मुख्य सचिव को नोटिस जारी किए जाने पर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए मिश्रा ने कहा कि सरकार पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर पहलू पर नजर रखे हुए है और अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है। शासन अपने स्तर पर कार्य कर रही है और किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

