रायपुर। ‘विनाश VS विकास’ को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत में बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने इस मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल की घोषणाओं पर सवाल उठाए।
पुरंदर मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कई वादे और घोषणाएं कीं, लेकिन उन्हें जमीन पर पूरा नहीं किया। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को पूरा करने का दावा किया है।
उन्होंने महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को हर महीने 500 रुपये देने का वादा किया था, जबकि भाजपा सरकार महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को 1,000 रुपये प्रतिमाह दे रही है।
विधायक ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए और कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं, गरीबों और आदिवासियों के हित में काम कर रही है। बस्तर में कांग्रेस की गतिविधियों को लेकर भी उन्होंने पार्टी पर तंज कसा और दावा किया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ कांग्रेस मुक्त हो जाएगा।
बस्तर और सरगुजा में कांग्रेस के फोकस पर प्रतिक्रिया देते हुए मिश्रा ने आदिवासी नेतृत्व को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आदिवासी, गरीब और महिला वर्ग के विकास पर ध्यान दे रही है।

