Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

नारायणपुर में सड़क और पुल निर्माण कार्यों की समीक्षा, समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश

रायपुर। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने नारायणपुर में विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों की बैठक लेकर निर्माणाधीन सड़कों, पुलों और राष्ट्रीय राजमार्गों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक के बाद सचिव बंसल ने कोंडागांव से नारायणपुर होते हुए महाराष्ट्र सीमा तक बन रहे राष्ट्रीय राजमार्ग-130डी का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द सुविधा मिल सके।

उन्होंने पहुंचविहीन गांवों में बारहमासी आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पुल और सड़कों के प्रस्ताव जल्द शासन को भेजने को कहा। साथ ही इस वर्ष के बजट में शामिल कार्यों के डीपीआर तैयार कर शीघ्र स्वीकृति के लिए भेजने के निर्देश भी दिए।

बैठक में भू-अर्जन और वन-व्यपवर्तन से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान कलेक्टर नम्रता जैन, प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप और अधीक्षण अभियंता संजय सूर्यवंशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version