बिलासपुर। लोक निर्माण विभाग (PWD) की विद्युत एवं यांत्रिकी शाखा में एक कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। आरोप है कि विभाग ने बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा ब्लैकलिस्ट की जा चुकी कंपनी मेसर्स श्री कृष्णा इंफ्रा डेवलपर को करीब 13 करोड़ रुपये के ठेके आवंटित कर दिए।
जानकारी के अनुसार, कंपनी ने टेंडर प्रक्रिया के दौरान शपथपत्र में स्वयं को किसी भी सरकारी विभाग द्वारा ब्लैकलिस्ट नहीं बताया था। जबकि रिकॉर्ड के मुताबिक, वर्ष 2023 में बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने कंपनी को ब्लैकलिस्ट कर उसकी ईएमडी भी जब्त की थी।
बताया जा रहा है कि ब्लैकलिस्ट होने के बावजूद कंपनी को बिलासपुर खेल परिसर और विद्युत नवीनीकरण कार्यों के लिए करीब 4.87 करोड़ रुपये का ठेका मिला। मामला सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। वहीं, उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


