Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

फर्जी डॉक्टर की लापरवाही से युवक की मौत, पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से 40 वर्षीय युवक की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस जांच में आरोपी की डिग्री फर्जी पाई गई, जिसके बाद डॉक्टर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

9 इंजेक्शन लगाने से बिगड़ी हालत

ग्राम हज्जुटोला निवासी आनंदराव जनबंधु ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बेटा सुभाष कुमार जनबंधु (40) करीब 14-15 साल से बवासीर की बीमारी से पीड़ित था। देसी दवाइयों से राहत न मिलने पर 8 मई 2025 को वे उसे इलाज के लिए रेखराम साहू (निवासी कांदुल, जिला बालोद) के पास ले गए।
आरोप है कि रेखराम ने इलाज के नाम पर 8 हजार रुपए लिए और सुभाष के गुदा द्वार पर 9 इंजेक्शन लगा दिए। अगले ही दिन सुभाष को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा और पेट फूलने लगा।

फोन बंद कर भागा आरोपी

परिजनों ने हालत बिगड़ने पर डॉक्टर रेखराम को फोन किया, लेकिन उसने बात टालने के बाद फोन बंद कर दिया। परिवार ने सुभाष को शंकराचार्य अस्पताल, जुनवानी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि गलत तरीके से इंजेक्शन लगाने से उसकी स्थिति गंभीर हो गई है। 11 मई 2025 को सुभाष की मौत हो गई।

फर्जी डिग्री का खुलासा

मामले की जांच एसडीओपी गुण्डरदेही ने की। जांच में पाया गया कि आरोपी रेखराम साहू की डॉक्टरी डिग्री छत्तीसगढ़ में रजिस्टर्ड नहीं है। पुलिस ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए थाना अर्जुंदा में अपराध दर्ज किया।

गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, एएसपी मोनिका ठाकुर और एसडीओपी राजेश बागड़े के निर्देशन में थाना प्रभारी जोगेंद्र साहू की टीम ने आरोपी की तलाश कर 18 सितंबर को उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद रेखराम साहू को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Exit mobile version