रायपुर। कांग्रेस के 10 दिवसीय संगठन सृजन प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया। अभनपुर में आयोजित शिविर के दौरान उन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठनात्मक मुद्दों और उनकी समस्याओं पर चर्चा की।
इसके बाद राहुल गांधी ने प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, चरणदास महंत और टीएस सिंहदेव सहित 37 वरिष्ठ नेताओं के साथ बंद कमरे में गोपनीय बैठक की।
बैठक में राहुल गांधी ने नेताओं से आपसी समन्वय और संयुक्त प्रयासों पर जोर देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस मजबूत स्थिति में है और इसे एकजुटता के साथ और सशक्त बनाया जाना चाहिए। साथ ही संगठन की वर्तमान स्थिति और आगामी रणनीति पर भी चर्चा की गई।

