रायगढ़ में PDS गड़बड़ी मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, 31.75 लाख के खाद्यान्न की कमी

रायगढ़। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में खाद्यान्न की गड़बड़ी के मामले में फरार चल रहे आरोपी शहनवाज उर्फ मौसम खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। धरमजयगढ़ क्षेत्र की दो शासकीय उचित मूल्य दुकानों की जांच में कुल 31.75 लाख रुपये से अधिक के खाद्यान्न की कमी सामने आई थी।

गनपतपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकान में जांच के दौरान 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक की कमी मिली थी। इनकी कुल कीमत करीब 18.86 लाख रुपये आंकी गई।

इसी तरह ससकोबा स्थित उचित मूल्य दुकान की जांच में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम पाया गया। इसकी कीमत करीब 12.89 लाख रुपये बताई गई है।

जांच के बाद दोनों मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक, ससकोबा मामले में उमाबाई राठिया और माधुरी बाई राठिया को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि विक्रेता बिहारी राठिया अभी फरार है।

गनपतपुर मामले में पुलिस को आरोपी शहनवाज के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिली थी। बाद में उसके गांव में मौजूद होने की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे रिमांड पर भेज दिया गया।

दोनों मामलों में तीन आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

You May Also Like

More From Author