जगदलपुर। बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के लिए वाल्टेयर मंडल के वाणिज्यिक विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने मिलकर विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान 19, 20 और 21 मार्च को 3,368 यात्रियों को बिना टिकट और अनियमित यात्रा करते हुए पकड़ा गया, जिससे जुर्माने और किराए के रूप में 17 लाख रुपये की वसूली की गई।
वाल्टेयर के मंडल रेल प्रबंधक ललित बोहरा ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही दिव्यांगजन, महिला यात्रियों और अन्य आरक्षित कोचों में अनधिकृत प्रवेश रोकने पर भी ध्यान दिया गया।
इस सख्त कार्रवाई का सकारात्मक असर दिखा है, जिससे टिकट काउंटरों पर टिकट बिक्री में 10% से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।