रायपुर। पूर्व रेलवे के हावड़ा मंडल में 24 से 27 जुलाई 2026 तक होने वाले नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य के चलते कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। यह कार्य हावड़ा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 24 को लिंक केबिन से जोड़ने के लिए किया जाएगा।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार, इस अवधि में कुछ ट्रेनें हावड़ा स्टेशन के बजाय शालीमार और सांतरागाछी स्टेशन से संचालित होंगी।
रेलवे द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार:
- 24 और 25 जुलाई को चलने वाली 12834 हावड़ा–अहमदाबाद एक्सप्रेस अब शालीमार स्टेशन से रवाना होगी।
- 24 और 25 जुलाई को सीएसएमटी से चलने वाली 12859 गीतांजली एक्सप्रेस अपनी यात्रा सांतरागाछी स्टेशन पर समाप्त करेगी।
- 25 और 26 जुलाई को 12860 हावड़ा–सीएसएमटी गीतांजली एक्सप्रेस हावड़ा के बजाय सांतरागाछी स्टेशन से रवाना होगी।
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम जानकारी की पुष्टि करने की अपील की है।

