Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

छत्तीसगढ़ में मौसम का बदला मिजाज, कई जिलों में तेज बारिश और यलो अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। गर्मी और उमस से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने वाली है। राजधानी रायपुर में सुबह से ही कई इलाकों में जोरदार बारिश हो रही है। वहीं मौसम विभाग ने रायपुर, रायगढ़, बिलासपुर और कांकेर समेत कई जिलों के लिए बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

पिछले 24 घंटों का मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान प्रदेश में अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।

मानसून की स्थिति और पूर्वानुमान

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा ने बताया कि वर्तमान में मानसून द्रोणिका अपनी सामान्य स्थिति से दक्षिण की ओर सक्रिय है। इसके असर से 31 अगस्त को प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज-चमक की संभावना है। वहीं एक-दो जगहों पर वज्रपात भी हो सकता है।
इसके अलावा, 2 सितंबर से 5 सितंबर तक प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में व्यापक वर्षा की संभावना जताई गई है।

किन जिलों में अलर्ट?

मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इसमें कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, बेमेतरा और मुंगेली शामिल हैं। इन जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और अचानक 30–40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

राजधानी रायपुर का मौसम

राजधानी रायपुर में आज आसमान पर बादल छाए रहने का अनुमान है। साथ ही बारिश और गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है। शहर में तापमान 26 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है।

Exit mobile version