Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

छत्तीसगढ़ में आज फिर बदलेगा मौसम, कई जिलों में यलो अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज से मौसम एक बार फिर करवट लेगा। मानसून द्रोणिका और चक्रवाती परिसंचरण के कारण मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग के एक-दो स्थानों पर बादल गरजने के साथ मध्यम से भारी वर्षा की चेतावनी दी है।

पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के सभी संभागों के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान सबसे अधिक तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज हुआ, जबकि सबसे कम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग ने जिन जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है उनमें सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाज़ार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं। प्रदेश के अधिकांश जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।

सिनोप्टिक स्थिति
मानसून द्रोणिका औसत समुद्र तल पर श्री गंगानगर से लखनऊ, पटना होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसके असर से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।

Exit mobile version