धरसींवा। राजधानी रायपुर के उरला इलाके में धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मां बंजारी ज्वेलर्स में दो महिलाओं ने नकली सोने के गहनों के बदले असली गहने और ₹80,000 नगद ठग लिए। पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है, और पुलिस ने अब आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम उरला मेन रोड स्थित ज्वेलरी दुकान में दो महिलाएं ग्राहक बनकर पहुंचीं। उन्होंने दुकान संचालक शांति लाल जैन (66 वर्ष) को पुराने सोने का गहना दिखाया और उसकी एवज में नया गहना व ₹80,000 नकद ले गईं।
कुछ समय बाद जब शांति लाल को संदेह हुआ, तो उन्होंने गहनों की जांच करवाई। जांच में खुलासा हुआ कि दिया गया गहना नकली था। इस पर उन्होंने मंगलवार को उरला थाने में शिकायत दर्ज कराई और CCTV फुटेज भी पुलिस को सौंपे।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोनों महिला ठगों की तलाश में जुट गई है।





