Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

रायपुर में पेट्रोल-डीजल सप्लाई को लेकर प्रशासन अलर्ट, टैंकरों को 24 घंटे आवाजाही की अनुमति

रायपुर। पेट्रोल-डीजल को लेकर बनी स्थिति के बीच कलेक्टर Dr. Gaurav Singh ने ऑयल कंपनियों और पेट्रोल पंप संचालकों की बैठक लेकर आम जनता को नियमित ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंपों पर डीजल और पेट्रोल की सप्लाई में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए और ऑयल डिपो बिना देरी के डीलर्स को ईंधन उपलब्ध कराएं।

कलेक्टर ने निर्देश दिया कि फिलहाल पेट्रोल-डीजल सप्लाई का समय बढ़ाया जाए और ईंधन टैंकरों को शहर में 24 घंटे आवाजाही की अनुमति दी जाए, ताकि किसी भी पेट्रोल पंप पर स्टॉक की कमी न हो। साथ ही पेट्रोल पंपों को अधिकतम समय तक खुला रखने को कहा गया है, जिससे लोगों को सुविधा मिल सके।

उन्होंने चेतावनी दी कि ईंधन की कालाबाजारी या सप्लाई में गड़बड़ी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर ने कहा कि जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और लोगों को घबराने या जरूरत से ज्यादा खरीदारी करने की आवश्यकता नहीं है।

प्रशासन ने अफवाहों से बचने की अपील करते हुए कहा कि कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर कलेक्टर कॉल सेंटर के नंबर 9977222564, 9977222574, 9977222584 और 9977222594 पर सूचना दी जा सकती है।

प्रदेश एवं जिला पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अखिल धगट ने भी लोगों से संयम बरतने और केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल खरीदने की अपील की है।

Exit mobile version