रायपुर। छत्तीसगढ़ ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के तहत प्रदेश के तीन शहरों रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए चयन किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में इन शहरों को सम्मानित करेंगी। इस उपलब्धि से प्रदेश में स्वच्छता के लिए किए जा रहे प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तीनों शहरों के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों और सफाई मित्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। यह सफाई मित्रों की मेहनत और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता केवल पुरस्कार हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध लोगों के स्वास्थ्य, सम्मान और जीवन की गुणवत्ता से है। सरकार प्रदेश के सभी शहरों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सफाई मित्रों को मिलेगा विशेष सम्मान
राष्ट्रीय सम्मान समारोह में सफाई मित्रों और मैदानी कर्मचारियों के योगदान को भी विशेष महत्व दिया जाएगा। प्रत्येक चयनित शहर से चार प्रतिनिधियों को मंच पर सम्मान ग्रहण करने का अवसर मिलेगा। इससे स्वच्छता व्यवस्था को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने वाले कर्मचारियों के काम को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
अन्य शहरों को भी मिलेगी प्रेरणा
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी तीनों शहरों के चयन पर प्रसन्नता जताते हुए नगरीय निकायों की टीमों और नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश के दूसरे शहरों को भी स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल – बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ है। रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को मिलने वाला यह सम्मान जनभागीदारी, बेहतर प्रबंधन और सफाई मित्रों के समर्पण का प्रतीक है।

