रायपुर में अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर, विकास नगर और गुड़ियारी में चार भवन ध्वस्त

रायपुर। राजधानी रायपुर में अवैध निर्माणों के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार निर्माणाधीन भवनों पर बुलडोजर चलाया। यह कार्रवाई जोन-8 के डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम वार्ड (वार्ड-19) के विकास नगर और गुड़ियारी क्षेत्र में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई।

जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के नेतृत्व में निगम की संयुक्त टीम ने पहले निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया और फिर जेसीबी की मदद से अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई में कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा, सहायक अभियंता अमन चंद्राकर, उप अभियंता लोचन चौहान, अबरार खान और नगर निवेश विभाग की टीम शामिल रही।

जिन निर्माणों पर कार्रवाई की गई, उनमें विकास नगर में राकेश साहू का लगभग 1500 वर्गफीट, गोमती वर्मा का 1200 वर्गफीट, गैस गोदाम के पास विवेक सिंह का 1200 वर्गफीट और पूजा सरावगी का लगभग 1200 वर्गफीट का निर्माणाधीन भवन शामिल है।

नगर निगम के अनुसार, सभी संबंधित निर्माणकर्ताओं को नियमानुसार तीन नोटिस और अंतिम चेतावनी जारी की गई थी। तय समय में संतोषजनक जवाब या आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल ने कहा कि बिना अनुमति और भवन निर्माण नियमों के विरुद्ध किए जा रहे निर्माणों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर के सुव्यवस्थित विकास के लिए अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

You May Also Like

More From Author