रायपुर। राजधानी रायपुर के क्लबों में कथित रूप से चल रहे देह व्यापार, अश्लीलता और नशे के कारोबार को लेकर युवा कांग्रेस ने आज मोर्चा खोल दिया। संगठन के प्रतिनिधियों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को ज्ञापन सौंपकर हाइपर क्लब समेत अन्य क्लबों में हो रही अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
क्लबों में रात्रि 12 बजे के बाद भी जारी रहता है रंगीन माहौल
ज्ञापन में बताया गया कि तेलीबांधा थाना क्षेत्र में स्थित कई क्लबों में शासन द्वारा निर्धारित रात्रि 12 बजे की समयसीमा का खुलकर उल्लंघन हो रहा है। आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत से क्लबों में सुबह 5 बजे तक शराब परोसी जाती है और सूखे नशे (जैसे कि ड्रग्स) का सेवन भी कराया जाता है।
धार्मिकता की आड़ में अश्लीलता?
प्रदेश युवा कांग्रेस महासचिव भावेश शुक्ला ने SSP को जानकारी दी कि हाइपर क्लब में देर रात धार्मिक भजनों की धुन बजाकर युवाओं को धार्मिक वातावरण का आभास कराया जाता है, लेकिन इस दौरान शराब परोसी जाती है और अनैतिक गतिविधियां संचालित होती हैं। भावेश शुक्ला ने क्लब में निलंबित स्वास्थ्य विभागकर्मी जेम्स बेक द्वारा एक बड़े देह व्यापार रैकेट के संचालन का आरोप भी लगाया।
उनका दावा है कि युवाओं को इस रैकेट में फंसाकर उनसे अवैध वसूली की जाती है। भय और बदनामी के डर से अधिकांश युवक इसकी शिकायत करने से बचते हैं।
ड्रग्स का अड्डा बनते जा रहे हैं ये क्लब
ज्ञापन में जिन क्लबों का विशेष रूप से उल्लेख किया गया है उनमें शामिल हैं:
- एल.ओ.डी
- जूक
- ऑन द रॉक्स
- सीमर्स क्लब
- पियानो प्रोजेक्ट
इन क्लबों में एमडीएमए, कोकीन, ब्राउन शुगर, चिट्ठा, मौली टैबलेट और हाइब्रिड मरुआना जैसे घातक नशे खुलेआम बेचे जाने का आरोप लगाया गया है।
प्रशासन को अल्टीमेटम, कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन
रायपुर के जिला पुलिस प्रमुख लाल उमेद सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इस दौरान ज्ञापन सौंपने पहुंचे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शामिल थे:
- NSUI जिला अध्यक्ष शान्तनु झा
- लक्षित तिवारी, शुभम दुबे, विमल साहू, संस्कार पांडे, आशीष, शिवम समेत कई अन्य।
युवा कांग्रेस ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन धरना, प्रदर्शन और चक्काजाम जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

