रायपुर। 12 अप्रैल 2025। शहीद नंदकुमार पटेल शासकीय महाविद्यालय, बीरगांव, रायपुर में नशा मुक्ति एवं तंबाकू निषेध पर आधारित जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन यूथ रेड क्रॉस सोसाइटी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, जिसकी अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डाॅ. प्रीति शर्मा ने की।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. शर्मा के स्वागत भाषण से हुआ, जिसमें उन्होंने नशा मुक्ति जैसे गंभीर विषय पर आयोजन की प्रासंगिकता को रेखांकित किया और सभी अतिथियों, प्राध्यापकों तथा प्रतिभागियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रहे डाॅ. एल.एस. गजपाल, प्रोफेसर, समाजशास्त्र एवं समाजकार्य अध्ययनशाला, पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर। उन्होंने युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए तंबाकू व अन्य नशीले पदार्थों के सामाजिक दुष्परिणामों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर प्रयोग या आनंद के लिए होती है, लेकिन धीरे-धीरे यह व्यसन का रूप ले लेती है, जिससे व्यक्ति, परिवार और समाज सभी प्रभावित होते हैं। उन्होंने विद्यालयों व महाविद्यालयों में नशा विरोधी शिक्षा और जागरूकता कार्यक्रमों को आवश्यक बताया।
द्वितीय वक्ता डॉ. निखिल मोतीरमानी, हृदय रोग विशेषज्ञ, श्री नारायण हॉस्पिटल, रायपुर ने तंबाकू व मादक पदार्थों के चिकित्सकीय एवं वैज्ञानिक प्रभावों को समझाते हुए कहा कि इनके सेवन से कैंसर, हृदयाघात, पक्षाघात और स्मृति क्षरण जैसी गंभीर बीमारियाँ उत्पन्न होती हैं। उन्होंने नशे की पहचान के प्रारंभिक लक्षणों और उसके शरीर पर पड़ने वाले प्रभावों की भी जानकारी दी।
दोनों वक्ताओं ने समाज में प्रचलित भ्रांतियों को भी स्पष्ट करते हुए, छात्रों की जिज्ञासाओं का सरल भाषा में समाधान किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. रोज मीना कुजूर और डॉ. कविता कोसरिया ने किया। यूथ रेड क्रॉस समिति के संयोजक डॉ. युगबोध पटले ने अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के साथ-साथ अन्य महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।






