रायपुर। 15 जनवरी को रायपुर लोकसभा क्षेत्र एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनेगा, जब वंदे मातरम् गीत की 150वीं वर्षगांठ पर 5 लाख विद्यार्थी एक साथ सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन करेंगे। सेना दिवस पर दोपहर 12:55 बजे आयोजित इस आयोजन में रायपुर लोकसभा क्षेत्र के 3000 से अधिक स्कूल और कॉलेजों के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
मुख्य कार्यक्रम सुभाष स्टेडियम में होगा, जहां 20 हजार युवा एक साथ वंदे मातरम् गायेंगे। इस अवसर पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा और देशभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। आयोजकों के अनुसार, रायपुर देश का पहला लोकसभा क्षेत्र होगा, जहां एक साथ 5 लाख युवा वंदे मातरम् का गायन करेंगे।

