Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

रायपुर ISBT में आगजनी: पार्किंग में खड़ी 5 बसें जलकर खाक, शरारती तत्वों की आशंका

रायपुर. (CG News). छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के भाठागांव स्थित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) में मंगलवार देर रात एक बड़ी घटना सामने आई। बस स्टैंड की पार्किंग में खड़ी पांच बसों में अचानक आग लग गई, जिससे सभी बसें जलकर खाक हो गईं। घटना के बाद बस संचालकों में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार देर रात की है। पार्किंग में खड़ी बसों से अचानक आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते आग ने पांच बसों को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किया, जिसमें बसें धू-धू कर जलती नजर आ रही हैं।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक सभी बसें पूरी तरह जल चुकी थीं।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन शरारती तत्वों द्वारा आग लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।

Exit mobile version