रायपुर: नगर निगम की महापौर मीनल चौबे ने जल कार्यों में लापरवाही पर सख्ती दिखाई है। लाभांडी क्षेत्र के निरीक्षण में पाइपलाइन कार्य अधूरा और टेस्टिंग व्यवस्था नदारद मिलने पर उन्होंने अधिकारियों और एजेंसी को फटकार लगाई।
महापौर ने बिना टेस्टिंग पाइपलाइन बिछाने पर नाराजगी जताते हुए पूछा कि करोड़ों रुपये का भुगतान किस आधार पर हुआ। उन्होंने हाइड्रो टेस्टिंग उपकरणों की कमी पर भी सवाल उठाए।
साथ ही सामग्री प्रबंधन को लेकर निर्देश देते हुए कहा कि जरूरत के अनुसार ही सामग्री लाई जाए और उसका सही भंडारण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान एजेंसी को साइट ऑफिस और लैब तुरंत स्थापित करने के निर्देश दिए गए। महापौर ने चेतावनी दी कि गुणवत्ता से समझौता या देरी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

