Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

11 सूत्रीय मांगों को लेकर रायपुर नगर निगम कर्मचारियों का आंदोलन, 31 दिसंबर को सामूहिक हड़ताल

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन की 11 सूत्रीय मांगों के समर्थन में रायपुर नगर निगम के सभी अधिकारी और कर्मचारी 29, 30 और 31 दिसंबर को आंदोलन करेंगे। आंदोलन के तहत 29 और 30 दिसंबर को निगम मुख्यालय और सभी 10 जोनों में अधिकारी-कर्मचारी काली पट्टी बांधकर कार्य करेंगे, जबकि 31 दिसंबर को एक दिन का सामूहिक अवकाश लेकर रैली निकालते हुए सामूहिक हड़ताल में शामिल होंगे।

रायपुर नगर पालिक निगम अधिकारी-कर्मचारी एकता संघ ने स्पष्ट किया है कि आंदोलन के दौरान सफाई, पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसी आवश्यक सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी। इसी कारण 29 और 30 दिसंबर को काम करते हुए विरोध दर्ज कराया जाएगा, जबकि 31 दिसंबर को रैली और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

बताया गया कि 27 दिसंबर को छत्तीसगढ़ राज्य अधिकारी-कर्मचारी फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, राज्य पदाधिकारी उमेश मुदलियार और रायपुर जिला संयोजक पीतांबर पटेल ने रायपुर नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर आंदोलन की जानकारी दी और समर्थन मांगा।

एकता संघ के कार्यकारी अध्यक्ष प्रमोद जाधव ने फेडरेशन की सभी मांगों को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि 29 दिसंबर को एक प्रतिनिधिमंडल महापौर मीनल चौबे और आयुक्त विश्वदीप से मुलाकात कर आगामी 10 वर्षों के लिए प्रस्तावित निगम सेटअप में सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को समान अवसर और शीघ्र विभागीय पदोन्नति की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपेगा।

Exit mobile version