रायपुर: नगर निगम निर्माण कार्यों में लाखों की अनियमितता के आरोप, आयुक्त ने तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई

रायपुर। रायपुर नगर निगम के विभिन्न जोनों में किए जा रहे निर्माण कार्यों में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप सामने आया है। विधायक राजेश मूणत ने तात्यापारा और जोन-5 क्षेत्रों में सीसी रोड, नालियों पर स्लैब और शेड निर्माण में घटिया काम व फर्जी बिलिंग की शिकायत निगम आयुक्त से की थी।

शिकायतों में आरोप लगाया गया है कि तात्यापारा वार्ड के हांडीपारा इलाके में नाली के ऊपर 10 लाख रुपए की लोहे की जाली, तथा हनुमान मंदिर के पास बनाए गए 10 लाख रुपए के मंच शेड में गुणवत्ता और भुगतान संबंधी गड़बड़ियां की गईं।

इसके अलावा हांडीपारा में बने 9.69 लाख रुपए के सी.सी. रोड निर्माण और शिव नगर कॉलोनी में नाले पर बनाए गए 10 लाख रुपए के आर.सी.सी. लेटर कवर पर भी संदिग्ध काम होने का आरोप है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि स्वीकृत राशि भले ही पूरी थी, लेकिन मौके पर कम सामग्री, खराब क्वालिटी और अधूरे काम के जरिए सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ।

इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम आयुक्त ने तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की है। समिति में—

संजय बांगडे, अधीक्षण अभियंता (लोककर्म)

अंशुल शर्मा, कार्यपालन अभियंता

शैलेंद्र पटेल, सहायक अभियंता

को शामिल किया गया है। समिति 21 नवंबर से औपचारिक जांच शुरू करेगी। यह टीम सभी निर्माण स्थलों का निरीक्षण करेगी, रजिस्टर व बिलिंग रिकॉर्ड की जांच करेगी और संबंधित ठेकेदारों तथा अधिकारियों से पूछताछ करेगी।

You May Also Like

More From Author