रायपुर। मानसून के दौरान जलभराव और नागरिक सुविधाओं को लेकर आयोजित रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा में उस समय अजीब स्थिति बन गई, जब सभाकक्ष की छत से पानी टपकने लगा। पानी रोकने के लिए गमले और डस्टबिन रखे गए, जबकि बैठक में शहर की जल निकासी, सफाई और सड़क मरम्मत जैसे मुद्दों पर चर्चा चल रही थी।
बैठक के दौरान कुछ अधिकारी मोबाइल पर गेम खेलते भी नजर आए, जिससे उनकी कार्यशैली पर सवाल उठे। महापौर और एमआईसी सदस्यों ने अधिकारियों से शहर में जलभराव, सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर जवाब मांगा।
गौरतलब है कि नगर निगम ने वर्ष 2026-27 के बजट में जल निकासी और विकास कार्यों के लिए करीब 3,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसके बावजूद बारिश की शुरुआत में ही शहर के कई इलाकों में जलभराव और व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।

