रायपुर। वेलेंटाइन डे को देखते हुए रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पार्कों, मॉल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, जहां पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद रहेंगी।
रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी ताकि आम नागरिकों और जोड़ों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पिछले वर्ष 24 दिसंबर को मैगनेटो मॉल में हुई घटना को ध्यान में रखते हुए इस बार विशेष सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से ऊर्जा पार्क, जोरा मॉल, सिटी सेंटर मॉल, गांधी उद्यान गार्डन, मोतीबाग गार्डन, कलेक्ट्रेट गार्डन, निगम गार्डन और राम मंदिर सहित कई स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहेगा।
कमिश्नरेट रायपुर में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। दर्जनभर से ज्यादा संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि असामाजिक तत्वों, मनचलों और हुड़दंगियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। साथ ही यदि कोई संगठन या समूह युवक-युवतियों को बेवजह परेशान करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध भी कानूनी कदम उठाए जाएंगे।