रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट के पहले पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने पदभार ग्रहण करने के बाद सिविल लाइन स्थित सी-4 भवन में पुलिस अधिकारियों की पहली समीक्षा बैठक ली। बैठक में कमिश्नरेट के सभी वरिष्ठ अधिकारी और थाना प्रभारी शामिल रहे।
पुलिस कमिश्नर ने कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए विजिबल पुलिसिंग, पैदल पेट्रोलिंग और रात्रि गश्त को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का लक्ष्य अपराध के बाद कार्रवाई नहीं, बल्कि अपराध की रोकथाम होना चाहिए।
डॉ. शुक्ला ने चाकूबाजी, नशाखोरी और अड्डेबाजी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि छोटी घटना पर भी कठोर धाराओं में मामला दर्ज किया जाए। गुंडा-निगरानी बदमाशों पर कड़ी नजर रखने और नशे के नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ने के आदेश दिए गए।बिना अनुमति किसी भी रैली, धरना या जुलूस पर रोक लगाने तथा तय समय के बाद बार, कैफे और रेस्टोरेंट बंद कराने के निर्देश भी दिए गए।
साथ ही पुलिस बल में अनुशासन और जवाबदेही पर विशेष जोर दिया गया।पुलिस कमिश्नर ने साइबर अपराध, यातायात व्यवस्था और जिला विशेष शाखा की भी अलग-अलग समीक्षा की। साइबर मामलों में पीड़ितों को त्वरित सहायता और बड़े आरोपियों तक पहुंचने, वहीं यातायात कार्रवाई में आम लोगों को अनावश्यक परेशान न करने के निर्देश दिए गए।